home page

प्रोजेक्ट धड़कन से बच्चों को मिल रहा नया जीवन, 29 का हुआ निःशुल्क हृदय ऑपरेशन

 | 
प्रोजेक्ट धड़कन से बच्चों को मिल रहा नया जीवन, 29 का हुआ निःशुल्क हृदय ऑपरेशन


रायपुर, 24 अक्टूबर (हि. स.)। रायपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए नई उम्मीद बन रहा है। इस अभिनव पहल के अंतर्गत जिले में अब तक 2 लाख 58 हजार 838 बच्चों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। वहीं 29 बच्चों के हृदय का निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया है तथा 9 बच्चों को आवश्यक चिकित्सा उपचार एवं प्रबंधन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस पहल से बच्चों को स्वस्थ जीवन की नई उम्मीद मिली है और उनके माता-पिता के चेहरों पर खुशियां लौटी हैं।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं श्री सत्य साईं अस्पताल के सहयोग से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इन शिविरों में बच्चों की प्रारंभिक स्क्रीनिंग कर हृदय रोग के संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उन्हें विस्तृत जांच के लिए चिन्हांकित किया जाता है। बीमारी की पुष्टि होने पर बच्चों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार एवं ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

प्रोजेक्ट धड़कन का उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग की समय रहते पहचान कर बच्चों को समुचित उपचार उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में संचालित यह पहल जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत प्रदान कर रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी बच्चा हृदय रोग की जांच एवं आवश्यक उपचार से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर