हर घर जल संचय के लिए 1 मार्च से विशेष महाभियान, महिलाओं की भागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
जांजगीर-चांपा, 26 फरवरी (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिले में जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से 1 मार्च 2026 से विशेष जल संचय जन भागीदारी महाभियान शुरू किया जाएगा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जनपद पंचायत अकलतरा, बलौदा, पामगढ़, बम्हनीडीह और नवागढ़ के अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि “मोर गांव-मोर पानी” अभियान को नई गति देते हुए जल संचय को जन-जन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। भू-जल स्तर में गिरावट, अनियमित वर्षा और बढ़ती जल खपत को देखते हुए यह पहल अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें स्थानीय समुदाय, उद्योग, शासकीय एजेंसियां और आम नागरिक सभी की भागीदारी जरूरी है।
अभियान के तहत घरों, पंचायत भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रिचार्ज पिट, सोखता गड्ढा और रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। घर की छत से निकलने वाले वर्षा जल को पाइप के माध्यम से गड्ढे में पहुंचाकर गिट्टी, रेत और पत्थर की परतों से जमीन में समाहित किया जाएगा, जिससे भू-जल स्तर में सुधार हो सके। इसे सरल, कम लागत और प्रभावी उपाय बताया गया है।
विश्व महिला दिवस के अवसर पर इस अभियान में महिलाओं की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि जल संकट का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं पर पड़ता है, इसलिए “जल शक्ति से ही नारी सशक्त होती है” संदेश के साथ महिलाओं को अभियान का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों और ग्राम स्तर की महिला समितियों को इसमें सक्रिय भूमिका दी जाएगी।
जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से रैली, कार्यशाला, दीवार लेखन और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने घरों में रिचार्ज पिट बनाकर “मोर गांव-मोर पानी” के संकल्प को साकार करें और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने में योगदान दें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने पीपीटी के माध्यम से जल संचय और जनभागीदारी से जुड़े तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ, आरईएस और पीएचई के अधिकारी, इंजीनियर, मनरेगा और पीएम आवास योजना के ब्लॉक समन्वयक, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव और रोजगार सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

