home page

एग्रीस्टेक में लंबित फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने 14 अगस्त तक विशेष अभियान

 | 
एग्रीस्टेक में लंबित फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने 14 अगस्त तक विशेष अभियान


धमतरी, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले में एग्रीस्टेक के अंतर्गत लंबित फार्मर रजिस्ट्री को शीघ्र पूरा कराने के लिए 14 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर धमतरी, कुरूद, भखारा, मगरलोड, नगरी, कुकरेल और बेलरगांव तहसील के चयनित गांवों में 10 से 14 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10 से शाम पांच बजे तक विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही मैदानी अमले द्वारा जरूरत के अनुसार डोर-टू-डोर पहुंचकर खातेदार और सहखातेदारों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराई जा रही है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने संबंधित अधिकारियों और मैदानी अमले को समन्वय के साथ अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान में समिति प्रबंधक, पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, रोजगार सहायक, पंचायत सचिव, ऑपरेटर और सीएससी ऑपरेटर की टीमें किसानों को पंजीयन में सहयोग दे रही हैं। शिविरों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए पटवारियों को कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला पंचायत कार्यालय से बुधवार को म‍िली जानकारी के अनुसार जिले में एग्रीस्टेक फार्मर रजिस्ट्री के तहत कुल 80,110 बकेटिंग प्रकरण लंबित हैं। इनमें धमतरी तहसील में 29,836, कुरूद में 12,428, नगरी में 11,737, मगरलोड में 7,817, बेलरगांव में 9,215, भखारा में 6,398 और कुकरेल में 2,779 प्रकरण शेष हैं। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों की भूमि एवं कृषि संबंधी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा और कृषि योजनाओं व सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित शिविरों में पहुंचकर लंबित फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूरा कराएं, ताकि निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा