प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के विशेष अभियान में जांजगीर-चांपा प्रदेश में अव्वल
जांजगीर-चांपा, 30 जून (हि. स.)। भारत शासन द्वारा प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के अंतर्गत 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) संचालित किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने मंगलवार काे बताया कि जिले में 25 जून 2026 तक 863 पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कर लक्ष्य के विरुद्ध 106.5 प्रतिशत उपलब्धि हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इसके लिए जिला स्तर पर सतत मॉनिटरिंग की गई तथा समय-समय पर सभी पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इसके परिणामस्वरूप जमीनी स्तर पर पात्र हितग्राहियों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया गया, जिससे उन्हें योजना का लाभ एवं निर्धारित राशि समय पर प्राप्त हो सके। इससे गर्भवती महिलाओं को अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल करने के साथ-साथ कार्य से होने वाली आर्थिक क्षति की आंशिक भरपाई में भी सहायता मिल रही है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। वर्तमान में भी नवीन पात्र हितग्राहियों का पंजीयन लगातार जारी है, ताकि जिले का कोई भी पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के लाभ से वंचित न रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

