home page

बस्तर में विशेष शिविर 17 अक्टूबर तक, 8,200 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य

 | 
बस्तर में विशेष शिविर 17 अक्टूबर तक, 8,200 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का लक्ष्य


जगदलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। राज्य शासन के ऊर्जा विभाग द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में बस्तर जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में तेजी से पहल किए जा रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले के आम नागरिकों, विशेषकर बीपीएल और पीएम आवास योजना के हितग्राहियों तक सौर ऊर्जा का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू कर दिया गया है।

17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु अभियान के तहत जिले की सभी तहसीलों एवं विकासखंडों में विशेष शिविर लगाए जा रहे है। जिनमें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रचार-प्रसार को लेकर कलेक्टर आकाश छिकारा ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

ऊर्जा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित पुनरीक्षित लक्ष्यों के अनुसार बस्तर जिले में कुल 8,200 सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस समग्र लक्ष्य के तहत 5,600 घरों में स्थानीय पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।जबकि बीपीएल और पीएम आवास योजना के 2,600 चयनित परिवारों के घरों पर डीएमएफ एवं सीएसआर फंड के सहयोग से यूएलए यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन मॉडल के अंतर्गत सोलर पैनल लगाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बस्तर जिले में 511 घरों में सोलर रूफटॉप सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं, जिसके बाद अब नए वित्तीय वर्ष के लिए इन लक्ष्यों को गति दी जा रही है।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने निर्देशित किया है कि योजना को धरातल पर उतारने और अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ पहुंचाने के लिए प्रत्येक शिविर में न्यूनतम तीन दिनों तक विशेष स्टॉल अथवा काउंटर स्थापित किए जाएं। इन काउंटरों पर उपभोक्ताओं के ऑनलाइन पंजीयन, ऋण लोन स्वीकृति तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण की समुचित व्यवस्था रहेगी। हितग्राहियों की सुविधा और पूरी प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से शिविरों में सिंगल विंडो प्रणाली लागू की जा रही है, जिसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित बैंकों के प्रतिनिधि तथा अधिकृत सोलर वेंडर्स एक ही स्थान पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिले वासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाएं और सोलर ऊर्जा अपनाकर मुफ्त बिजली के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी सहभागिता दर्ज करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे