home page

अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को एसपी ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

 | 
अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को एसपी ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश


अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को एसपी ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश


जांजगीर-चांपा, 01 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को पुलिस लाइन जांजगीर में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने युवाओं को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और विभिन्न प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी।

कार्यक्रम सुबह 8 बजे आयोजित हुआ, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को साइबर अपराधों के बदलते तरीकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से विशेष रूप से सावधान रहने की आवश्यकता है। किसी भी पुलिस अधिकारी या सरकारी एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट जैसी कार्रवाई नहीं की जाती। युवाओं को सलाह दी गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और बैंकिंग अथवा निजी जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, क्योंकि इनके माध्यम से मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल कर साइबर ठगी की जा सकती है।

कार्यक्रम में युवाओं को ओटीपी, पिन, सीवीवी, पासवर्ड तथा बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय गोपनीयता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की बात भी कही गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।

इस दौरान एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनने, संतुलित खानपान अपनाने तथा नियमित व्यायाम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भर्ती में सफलता के लिए शारीरिक फिटनेस महत्वपूर्ण है, इसलिए युवाओं को दौड़, व्यायाम और अन्य आवश्यक शारीरिक गतिविधियों का नियमित अभ्यास करते हुए अनुशासित दिनचर्या अपनानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT