home page

भारतीय थल सेना में सेवा देने वाले केशकाल के जवानों को किया गया सम्मानित

 | 
भारतीय थल सेना में सेवा देने वाले केशकाल के जवानों को किया गया सम्मानित


काेंड़ागांव, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के केशकाल बस स्टैंड स्थित प्रतीक्षालय में आज शुक्रवार काे आयोजित सम्मान समारोह में केशकाल विधानसभा क्षेत्र के चार पूर्व सैनिकों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने भारतीय थल सेना की सिग्नल कोर में 17 वर्षों तक राष्ट्रसेवा देने वाले वीर जवानों को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक राष्ट्र की आन, बान और शान हैं। उनका त्याग, अनुशासन और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान करना समाज का कर्तव्य है। केशकाल विधानसभा क्षेत्र अपने वीर सपूतों पर गर्व करता है।

पूर्व सैनिकों के केशकाल पहुंचने पर तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वागत के लिए पंहुचे। बरसते पानी के बीच पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ पूर्व सैनिकों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने भी सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, उन्हें अपने गृह क्षेत्र में मिला यह सम्मान जीवनभर प्रेरणा देता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे