home page

पीएम सूर्य घर योजना को गति देने कलेक्टर ने ली बैठक

 | 
पीएम सूर्य घर योजना को गति देने कलेक्टर ने ली बैठक


बलरामपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन को गति देने के लिए बिजली विभाग, बैंकों और सोलर वेंडरों के साथ बैठक आयोजित की गई। आज सोमवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में 2,000 घरों को सोलर संयंत्र से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया।

बैठक में कलेक्टर ने सोलर वेंडरों से सीधे संवाद किया। वेंडरों ने सोलर संयंत्र लगाने के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और उनके समाधान से जुड़े सुझाव साझा किए। कलेक्टर ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले वेंडरों के अनुभव के आधार पर योजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए बेहतर रणनीति तैयार की जा सकती है।

उन्होंने विद्युत विभाग, बैंकों और वेंडरों को आपसी समन्वय से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही योजना के तहत स्वीकृति, ऋण वितरण और सोलर संयंत्र स्थापना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा जारी रखने को कहा।

कलेक्टर ने योजना के महत्व को बताते हुए कहा कि घर की छत पर लगाया गया सोलर संयंत्र परिवार के लिए दीर्घकालिक निवेश है। इससे बिजली बिल का बोझ कम होने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देने पर अतिरिक्त आय का अवसर भी मिलता है। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकारी सब्सिडी और बैंकों से उपलब्ध ऋण सुविधा के कारण सामान्य परिवार भी योजना का लाभ ले सकते हैं।

लक्ष्य की समय पर पूर्ति के लिए कलेक्टर ने योजना में रुचि रखने वाले नागरिकों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांवों और वार्डों में क्लस्टर बनाकर शिविर आयोजित करने से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर योजना की जानकारी और लाभ ले सकें।

बिजली विभाग को शासकीय कार्यक्रमों में स्टॉल लगाकर पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। वहीं बैंकों को आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजना के तहत ऋण लेने में पात्र नागरिकों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण के अस्वीकृत नहीं किया जाए और आवेदन निरस्त होने की स्थिति में आवेदक को स्पष्ट कारण की जानकारी दी जाए।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक मुकुंद कर्ण, सीएसपीडीसीएल के अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और सोलर वेंडर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय