home page

पीएम सूर्य घर योजना का लाभ घर-घर पहुंचाएंगी सोलर दीदियां, जिलास्तरीय कार्यशाला में मिला प्रशिक्षण

 | 
पीएम सूर्य घर योजना का लाभ घर-घर पहुंचाएंगी सोलर दीदियां, जिलास्तरीय कार्यशाला में मिला प्रशिक्षण


बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत सोलर दीदी योजना की जिलास्तरीय कार्यशाला आज शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित की गई। कार्यशाला में बिहान की दीदियों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी गई, ताकि वे नगरीय क्षेत्रों से लेकर सुदूर गांवों तक लोगों को योजना के लाभ और प्रक्रिया की जानकारी दे सकें।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बिहान की दीदियों को ‘सोलर दीदी’ के रूप में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनसे व्यक्तिगत संपर्क करने और घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, विद्युत विभाग के अभियंता यू.एस. बर्मन और अग्रणी जिला प्रबंधक मुकुंद कर्ण ने योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यशाला में आवेदन की प्रक्रिया, बैंक ऋण के लिए जरूरी दस्तावेज और ऋण उपलब्ध कराने में बैंकों की भूमिका के बारे में बताया गया। दीदियों ने सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया।

हितग्राहियों को अधिकृत वेंडरों के माध्यम से सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए वेंडरों की सूची भी उपलब्ध कराई गई। कार्यशाला का उद्देश्य हितग्राही, बैंक और वेंडर के बीच समन्वय स्थापित कर योजना का लाभ अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाना है।

कार्यशाला में जिला मिशन प्रबंधक ज्ञानेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अशोक विश्वास, सभी विकासखंडों के विकासखंड परियोजना प्रबंधक, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में बिहान की दीदियां उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय