home page

नार्को टेस्ट समेत किसी भी स्तर की जांच से गुजरने को पूरी तरह तैयार : विधायक रामकुमार टोप्पो

 | 
नार्को टेस्ट समेत किसी भी स्तर की जांच से गुजरने को पूरी तरह तैयार : विधायक रामकुमार टोप्पो


अंबिकापुर, 01 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच बढ़ा विवाद अब एक बेहद संवेदनशील मोड़ पर आ गया है, जिसने पूरे प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक महकमे में हलचल तेज कर दी है।

नायब तहसीलदार तुषार मानिक की पिटाई के मामले में विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जहां प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार कामबंद-कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं, वहीं अब इस मामले में 'नार्को टेस्ट' की एंट्री हो गई है। दरअसल, नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने शासन के सामने खुद का और विधायक पक्ष का नार्को टेस्ट कराने की बड़ी मांग रख दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि उन पर विधायक की बहन या किसी अन्य महिला के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है, तो पहले उनका नार्को टेस्ट कराया जाए और उसके बाद विधायक, उनकी बहन व संबंधित महिला का भी टेस्ट हो।

इस खुली चुनौती को स्वीकार करते हुए सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी दो-टूक कह दिया है कि वे दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए नार्को टेस्ट समेत किसी भी स्तर की जांच से गुजरने को पूरी तरह तैयार हैं। यह पूरा विवाद उस समय और गहरा गया जब कलाकेंद्र मैदान में जुटे सरगुजा के आक्रोशित तहसीलदारों ने साफ कर दिया कि जब तक विधायक के खिलाफ कड़ी और उचित कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इस प्रशासनिक गतिरोध के बीच विधायक टोप्पो ने पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कहा है कि वे किसी भी कानूनी प्रक्रिया में बाधा नहीं बनेंगे।

उन्होंने विपक्ष और शिकायतकर्ता पर तंज कसते हुए यह भी जोड़ा कि मुख्य घटना से ध्यान भटकाने के लिए झूठे आरोप मढ़ने की कोशिशें कामयाब नहीं होंगी और कानून अपना काम करेगा। गौरतलब है कि इस मामले में नया मोड़ तब आया था जब विधायक की बहन सीमा धनकी और एक अन्य महिला ने 29 मई को सीतापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि नगर पंचायत चुनाव के दौरान नायब तहसीलदार ने उनसे अकेले में समय बिताने की अमर्यादित बात कही थी। अब जबकि दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज हो चुकी है, यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस प्रशासन इस हाई-प्रोफाइल मामले को 'नार्को टेस्ट' की मांग के बीच किस दिशा में ले जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह