home page

सिरसाही नाला अवरुद्ध, ग्रामीणों ने जताई जलभराव की आशंका

 | 
सिरसाही नाला अवरुद्ध, ग्रामीणों ने जताई जलभराव की आशंका


धमतरी, 21 जून (हि.स.)। ग्राम पंचायत अर्जुनी में निर्माणाधीन हाईटेक बस स्टैंड के कारण सिरसाही नाला अवरुद्ध होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पंचायत ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर बरसात से पहले नाले की सफाई और गहरीकरण कराने की मांग की है।

ग्राम पंचायत अर्जुनी सरपंच इंदु मोहित ध्रुव, उपसरपंच लाकेश साहू, पूर्व सरपंच महेश्वर सिन्हा का कहना है कि बस स्टैंड निर्माण के दौरान नाले में मिट्टी डालकर उसे पाट दिया गया है, जिससे वर्षा जल निकासी प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं हुई तो गांव की निचली बस्तियों में जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे लोगों को आवागमन सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सरपंच ने बताया कि इस संबंध में पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सफाई एवं गहरीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ है।

ग्रामीण अघनूराम ठाकुर, कुशलराम सिन्हा, जीवनलाल साहू सहित अन्य लोगों ने कहा कि, बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, ऐसे में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना बेहद आवश्यक है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नाले की सफाई और गहरीकरण नहीं कराया गया तो जनआंदोलन की स्थिति बन सकती है। पंचायत ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित जलभराव और जनहानि की आशंका को देखते हुए सिरसाही नाला की सफाई एवं गहरीकरण का कार्य तत्काल कराया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा