home page

कोरबा में पेट्रोल संकट के संकेत, आमजन परेशान

 | 
कोरबा में पेट्रोल संकट के संकेत, आमजन परेशान


कोरबा, 08 अप्रैल (हि. स.)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब देश के साथ-साथ कोरबा जिले में भी साफ दिखाई देने लगा है। पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने से शहर के कई पेट्रोल पंपों पर स्थिति असामान्य हो गई है। कई पंपों पर “रिजर्व स्टॉक” बोर्ड लगाए जा चुके हैं, वहीं कुछ स्थानों पर केवल प्रीमियम (स्पीड) पेट्रोल ही उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सूत्रों के अनुसार पेट्रोल कंपनियों और प्रशासन के निर्देश पर पंप संचालकों को अपने स्टॉक की स्थिति सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। जैसे ही स्टॉक एक निश्चित स्तर तक पहुंचता है, सामान्य उपभोक्ताओं को पेट्रोल की आपूर्ति सीमित कर दी जाती है। केवल अत्यावश्यक सेवाओं—जैसे एंबुलेंस, पुलिस और अन्य जरूरी वाहनों—को प्राथमिकता दी जा रही है।

इस स्थिति के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहा तनाव प्रमुख कारण माना जा रहा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच लंबे समय से जारी खींचतान के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति पर असर पड़ा है। भारत की बड़ी निर्भरता खाड़ी देशों पर होने के कारण इसका सीधा प्रभाव स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

शहर के नागरिकों में इस स्थिति को लेकर चिंता बढ़ रही है। स्थानीय निवासी राजेश वर्मा ने बताया, “पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन कई बार पेट्रोल खत्म हो जाने से वापस लौटना पड़ता है। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।”

ऑटो चालक मुकेश साहू का कहना है, “महंगे पेट्रोल और कम उपलब्धता की वजह से आमदनी पर सीधा असर पड़ रहा है। अगर हालात ऐसे ही रहे तो किराया बढ़ाना पड़ेगा।”

वहीं, शिक्षक अनिता मिश्रा ने चिंता जताते हुए कहा, “स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही है। अगर कीमतें और बढ़ीं तो घरेलू बजट बिगड़ जाएगा।”

छोटे व्यापारी रमेश अग्रवाल ने कहा, “परिवहन लागत बढ़ने से सामान महंगा होगा, जिसका असर सीधे ग्राहकों पर पड़ेगा।”

इस मामले में खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर का कहना है कि जिले में पेट्रोल की कोई किल्लत नहीं है। अगर किसी पेट्रोल पंप में रिजर्व स्टॉक का बोर्ड लगा भी है तो मामले की जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी