श्री रामदेव बाबा जन्मोत्सव : हवन-पूजन के बाद बाबा को 56 भोग अर्पित
धमतरी, 21 सितंबर (हि.स.)। स्थानीय इतवारी बाजार के समीप स्थित श्री रामदेव बाबा मंदिर में जन्मोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। चार दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के तहत सोमवार को भादवा सुदी दशमी के अवसर पर प्रातः 10 बजे मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद आरती की गई और दोपहर में श्रद्धालुओं ने बाबा को 56 भोग अर्पित किया।
इसके बाद भंडारा प्रसादी का वितरण किया गया। रात 8.30 बजे रायपुर के तरुण सोनी द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा। श्री रामदेव बाबा मंदिर समिति द्वारा आयोजित जन्मोत्सव की शुरुआत 13 सितंबर को भादवा सुदी दूज के अवसर पर हुई। इस दिन सुबह 5.30 बजे प्रभात फेरी, 7 बजे ध्वजारोहण और 9.30 बजे अभिषेक किया गया। शाम 5 बजे अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई तथा रात 8.30 बजे भजन संध्या हुई, जिसमें राजनांदगांव के अभिजीत जोशी ने प्रस्तुति दी।
15 सितंबर को भादवा सुदी पंचमी के अवसर पर भी रात 8.30 बजे भजन संध्या आयोजित की गई। आयोजन के दौरान हवन-पूजन और भंडारा में अजय बरड़िया, हुकुम गोलछा, प्रकाश शर्मा, दीनू सोनी, सूरज शर्मा, मनीष सोनी, प्रदीप सोनी, रवि शर्मा, नरेन्द्र खंडेलवाल, विनय जैन, राम सोनी, गोपाल सोनी, जनार्दन सोनी, महेन्द्र खंडेलवाल, नरेश बरड़िया, रतनलाल अग्रवाल, विशाखा शर्मा, प्रतिभा शर्मा, उर्मिला सोनी, रूपा सोनी, वेणुका, शीतल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जन्मोत्सव के समापन अवसर पर 22 सितंबर को भादवा सुदी एकादशी के दिन शाम 4 बजे मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम 6 बजे घड़ी चौक में महाआरती होगी तथा शाम 7.30 बजे श्री रामदेव बाबा मंदिर में महाआरती के साथ आयोजन का समापन होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

