home page

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन, गीता भवन से कलश यात्रा निकलेगी 29 अगस्त को

 | 
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन, गीता भवन से कलश यात्रा निकलेगी 29 अगस्त को


जगदलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। पंजाब सनातन धर्म सभा एवं पंजाब सनातन महिला सत्संग समिति के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत 29 अगस्त को ध्वजारोहण और कलश यात्रा से होगी। आयोजन के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, शोभायात्रा, बच्चों व महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।

29 अगस्त को दोपहर 2 बजे संजय बाजार स्थित गीता भवन में ध्वजारोहण होगा। इसके बाद दोपहर 2:10 बजे श्रीमती सरला बत्रा के करकमलों से कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा गीता भवन से शुरू होकर संजय बाजार, पनामा चौक, दाऊ मिल, अग्रसेन चौक होते हुए पंजाब भवन पहुंचेगी। यहां दोपहर 3:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से कलश यात्रा में शामिल होने की अपील की है। आयोजन का प्रमुख आकर्षण श्रीमद्भागवत कथा रहेगा। कथा व्यास आचार्य अमर कृष्ण शुक्ला भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का वर्णन करेंगे। आयोजकों ने बताया कि आयोजन में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को विशेष रूप से जोड़ा गया है। इसके बाद 3 सितंबर दोपहर 3.30 बजे से गीता भवन से शोभायात्रा निकाली जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे