home page

हायर सेकेंडरी स्कूल भाठागांव में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी, ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे

 | 
हायर सेकेंडरी स्कूल भाठागांव में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी, ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे


धमतरी, 28 जुलाई (हि.स.)। कुरुद विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव में पांच साल से भौतिकी, हिंदी और भूगोल विषय के व्याख्याता पद रिक्त हैं। विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि शीघ्र शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो विद्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के विजेंद्र कुमार, मोहन, तुकेश कुमार एवं अकलेश्वरी मानिकपुरी ने बताया कि विद्यालय में कक्षा छठवीं से 12 वीं तक कुल 275 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उच्च कक्षाओं में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों से भौतिकी, हिंदी और भूगोल विषय के व्याख्याता पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में ओपन बोर्ड परीक्षा केंद्र, जोन स्कूल केंद्र, प्राइवेट स्कूल नोडल केंद्र और आईसीटी प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन भी विद्यालय में किया जाता है। शिक्षकों की कमी के कारण शाला संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों में दिक्कतें आ रही है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने पर विद्यालय में तालाबंदी की जाएगी।

एक शिक्षक के भरोसे चल रही देवगांव स्कूल की पढ़ाई-

नगरी विकासखंड के ग्राम देवगांव स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में पिछले छह माह से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। वर्तमान में केवल एक शिक्षक के भरोसे माध्यमिक स्कूल का संचालन हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष हेमंत मरकाम, प्रभुनाथ, बालकृष्ण, मनोहर सिंह, प्रेमलाल और छबिलाल ने बताया कि परिसर में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जहां कुल 80 से 85 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। प्राथमिक विद्यालय में दो शिक्षक पदस्थ हैं, वहीं माध्यमिक विद्यालय में केवल एक शिक्षक होने से सभी कक्षाओं का संचालन और शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है। समिति ने विभाग से रिक्त पदों पर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा