home page

आधी रात कपड़ा दुकान में घुसी युवती, दराज से सोने की दाे अंगूठियां ले गई, सीसीटीवीमें कैद हुई चोरी

 | 

बलरामपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के तामेश्वरनगर में रविवार देर रात कपड़ा दुकान को निशाना बनाकर चोरी की गई। करीब 12:30 बजे एक युवती दुकान की कुंडी तोड़कर अंदर दाखिल हुई और दराज में रखी दो सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गई। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

तामेश्वरनगर स्थित साधना कलेक्शन में रात के समय युवती पहुंची। आसपास की गतिविधियों पर नजर डालने के बाद उसने दुकान की कुंडी तोड़ी और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उसने दुकान में रखी दराज को खोला और सामान तलाशने लगी। दराज में रखी दो सोने की अंगूठियां हाथ लगने के बाद वह उन्हें लेकर बाहर निकल गई।

दुकान संचालक ललित राय के मुताबिक, दुकान में रात के समय कोई नकदी नहीं रखी गई थी। दराज में सिर्फ दो सोने की अंगूठियां थीं, जिन्हें युवती चोरी कर ले गई। दोनों अंगूठियों की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। इसके बाद संचालक ने रामानुजगंज पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम दुकान पहुंची और घटनास्थल की जांच की। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर युवती की गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में वह दुकान की कुंडी तोड़कर अंदर जाती और दराज से अंगूठियां निकालती दिखाई दे रही है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर युवती की पहचान करने में जुटी है। आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय