home page

किराए के ट्रैक्टर बेचकर किसानों से ठगी करने वाला शातिर आरोपित गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति बरामद

 | 
किराए के ट्रैक्टर बेचकर किसानों से ठगी करने वाला शातिर आरोपित गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति बरामद


जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल (हि. स.)। अकलतरा थाना पुलिस ने किसानों से किराए पर ट्रैक्टर लेकर उन्हें धोखाधड़ी से बेचने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चार ट्रैक्टर इंजन और एक ट्रॉली बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपित अनुराग दास महंत (34 वर्ष) निवासी खैरा चौकी नैला, जिला जांजगीर-चांपा है, जो वर्तमान में बिलासपुर के पावर हाउस क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी लंबे समय से भोले-भाले किसानों को निशाना बनाकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब परसाही नाला निवासी पीड़ित विनोद कुमार खुसरो ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसने अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर दिया था, जिसे आरोपित काम के बहाने ले गया और वापस नहीं किया। बाद में संपर्क करने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अंततः फरार हो गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित किसानों को ट्रैक्टर किराए पर लेने का झांसा देकर उनसे वाहन लेता था और फिर फर्जी शपथ पत्र तैयार कर उन्हें अन्य लोगों को बेच देता था। वारदात के बाद वह अपना मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अकलतरा, पामगढ़ और नैला क्षेत्र में इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दिया है।

अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 318(4) और 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT