home page

सेवा सेतु पोर्टल बना आम नागरिकों का सहारा, कोरबा की निधि सेन को एक सप्ताह में मिला निवास प्रमाण पत्र

 | 
सेवा सेतु पोर्टल बना आम नागरिकों का सहारा, कोरबा की निधि सेन को एक सप्ताह में मिला निवास प्रमाण पत्र


कोरबा, 04 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने में प्रभावी साबित हो रही है। पोर्टल के माध्यम से विभिन्न प्रमाण-पत्रों और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में लाभ प्राप्त किया जा रहा है। इससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है, साथ ही सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की जरूरत भी नहीं पड़ रही है।

कोरबा जिले की पोड़ी उपरोड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम सुतर्रा निवासी कुमारी निधि सेन को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से समयबद्ध सेवा का लाभ मिला। उन्होंने अपने निवास प्रमाण पत्र के लिए ग्राम सुतर्रा स्थित लोक सेवा केंद्र में ऑनलाइन आवेदन किया था। आवश्यक दस्तावेज और पटवारी प्रतिवेदन पूरा होने के बाद उनके आवेदन का नियमानुसार त्वरित निराकरण किया गया और उन्हें मात्र एक सप्ताह के भीतर निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।

निधि सेन ने बताया कि आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया बेहद आसान, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। उन्हें किसी भी सरकारी कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े, जिससे समय के साथ-साथ आर्थिक खर्च की भी बचत हुई।

उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के जरिए अब आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक सरल और सुगम हो गई है।

उन्होंने शासन की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ने सरकारी सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाया है। समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह सेवा वितरण की यह व्यवस्था सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसका लाभ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को मिल रहा है।

जिला प्रशासन का मानना है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं का डिजिटलीकरण होने से आम लोगों को घर के नजदीक ही सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे न केवल प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है, बल्कि सेवा वितरण की गति भी तेज हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी