home page

कोरबा: सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाओं की राह, ज्योति को गांव में ही मिला आय प्रमाण पत्र

 | 
कोरबा: सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाओं की राह, ज्योति को गांव में ही मिला आय प्रमाण पत्र


कोरबा, 15 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की सेवा सेतु पहल से आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से मिलने लगा है। अब आय, जाति और निवास जैसे आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिल रही है। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा से समय और धन दोनों की बचत हो रही है। इसी पहल का लाभ कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सुतर्रा निवासी ज्योति कुमारी को मिला है।

ग्राम सुतर्रा निवासी संतोष कुमार की पुत्री ज्योति ने सेवा सेतु के माध्यम से आय प्रमाण पत्र बनवाया। उन्होंने गांव में संचालित अशोक च्वाइस सेंटर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया। इस सुविधा के जरिए उन्हें बिना अनावश्यक भागदौड़ के आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।

ज्योति कुमारी ने बताया कि पहले आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय के साथ आने-जाने में पैसे भी खर्च होते थे। कई बार जरूरी काम छोड़कर कार्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही च्वाइस सेंटर के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा मिलने से प्रक्रिया काफी आसान हो गई है।

उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को विशेष सुविधा मिल रही है। आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए अब दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों तक जाने की जरूरत कम हो गई है। ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था से शासकीय सेवाओं तक पहुंच सुगम हुई है और लोगों को अपने अन्य जरूरी कार्यों के लिए भी पर्याप्त समय मिल रहा है।

ज्योति ने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है। सरकारी सेवाओं की प्रक्रिया सरल होने से समय और धन की बचत हो रही है।

छत्तीसगढ़ सरकार की सेवा सेतु पहल सुशासन और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में च्वाइस सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलने से नागरिकों के लिए आवश्यक शासकीय प्रमाण पत्र प्राप्त करना पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी