सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाओं तक पहुंच, तीन दिन में मिला आय प्रमाण पत्र
कोरबा, 05 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु पहल से आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं का लाभ लेना आसान हो रहा है। अब आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। च्वाइस सेंटर के माध्यम से आवेदन करने पर कम समय में प्रमाण पत्र उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे नागरिकों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
इसका लाभ पाली तहसील के ग्राम नांनबांका निवासी सुश्री पायल नेटी को भी मिला। उन्होंने 30 सितंबर को ग्राम सुतर्रा स्थित अशोक च्वाइस सेंटर के माध्यम से आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। आवेदन के महज तीन दिन बाद 3 अक्टूबर को उनका आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
पायल नेटी ने बताया कि पहले आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे। आने-जाने में समय और पैसे दोनों खर्च होते थे, लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से च्वाइस सेंटर में आवेदन करने पर उन्हें केवल तीन दिन में प्रमाण पत्र मिल गया। इससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाओं का लाभ लेना पहले की तुलना में काफी सरल हो गया है। जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन करने पर कम समय में प्रमाण पत्र मिलना उनके लिए सुखद अनुभव रहा। पायल नेटी और उनके पिता भगवान सिंह नेटी ने इस जनसुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से आम नागरिकों को राहत मिल रही है और शासकीय सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

