home page

सेवा सेतु शिविर में 41 आवेदन मिले, सात का मौके पर निराकरण

 | 
सेवा सेतु शिविर में 41 आवेदन मिले, सात का मौके पर निराकरण


बलरामपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत आज सोमवार को शंकरगढ़ विकासखंड के क्लस्टर ग्राम दुर्गापुर में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 15 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर कुल 41 आवेदन दिए, जिनमें से 7 का मौके पर ही निराकरण किया गया।

शेष 34 आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा तय कर जिम्मेदारी दी गई। सबसे अधिक 13 आवेदन खाद्य विभाग से संबंधित रहे, जिनमें से 6 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। इसके अलावा वन विभाग के 7, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 6, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 5 और राजस्व विभाग के 4 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में जनपद पंचायत शंकरगढ़ की उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह देव और जिला पंचायत सदस्य गीता पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभ की जानकारी दी।

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटियों के नाम पर दो परिवारों को चंदन के पौधे भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से बेटियों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

शिविर में मुकेश कश्यप, सरपंच संघ अध्यक्ष बुधना राम, जनपद सदस्य गायत्री पैकरा, जनपद पंचायत सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय, तहसीलदार दानिश परवेज सहित खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय