home page

सेवा संकल्प अभियान: आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन उत्सव, बच्चों को बांटे खिलौने

 | 
सेवा संकल्प अभियान: आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन उत्सव, बच्चों को बांटे खिलौने


बलरामपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज मंगलवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, माताओं और बच्चों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता गतिविधियों के साथ न्योता भोज, विभिन्न प्रतियोगिताएं और सम्मान समारोह आयोजित किए गए।

वाड्रफनगर परियोजना के विभिन्न सेक्टरों में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों और महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बसंतपुर परियोजना के सेक्टर बसंतपुर के ग्राम पंचायत मिथलापुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पलगीपारा में सरपंच की ओर से न्योता भोज कराया गया। यहां छह कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और एक मितानिन दीदी को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ और घड़ा फोड़ तथा बच्चों के लिए स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम में ‘मेरी पौष्टिक थाली’ थीम पर चर्चा कर संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। रामचंद्रपुर परियोजना के सेक्टर कुरलुडीह में पोषण माह के साथ आंगन मिलन उत्सव मनाया गया। वहीं बलरामपुर परियोजना के सेक्टर पस्ता अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र चिलमा में स्थानीय व्यंजनों, साग-सब्जियों और पौष्टिक आहार की प्रदर्शनी लगाई गई तथा न्योता भोज कराया गया।

चिलमा में कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन और स्वस्थ शिशुओं की माताओं को सम्मानित किया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य शिक्षा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, पोषण पुनर्वास केंद्र और बाल संदर्भ शिविर की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में परिवार नियोजन, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड और बाल विवाह के दुष्परिणामों को लेकर भी जागरूक किया गया।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र भासनी बंद-पचावल और भेलवाडीह में डीपीएम की ओर से बच्चों को खिलौने वितरित किए गए। विभिन्न केंद्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और विकास के साथ ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय