home page

सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर को होगा रक्तदान महाकुंभ

 | 

एक हजार से अधिक महिलाएं और दो हजार से अधिक पुरुष करेंगे रक्तदान

क्यूआर कोड और मोबाइल कॉल के माध्यम से कराया गया पंजीयन

रायपुर, 22 सितंबर (हि. स.) । सेवा और मानवता के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर को विशाल रक्तदान महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा।

बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में अपना योगदान देंगे।

आयोजन में लगभग तीन हजार से अधिक रक्तदाताओं के शामिल होने जा रहे हैं, जिसमें एक हजार से अधिक महिलाएं और दो हजार से अधिक पुरुष सहभागिता करेंगे। यह आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

रक्तदान महाकुंभ को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए क्यूआर कोड तथा मोबाइल कॉल के माध्यम से पंजीयन कराया गया है। पंजीयन प्रक्रिया के जरिए रक्तदान के इच्छुक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर