home page

सेवा ज्योति यात्रा जगाएगी समाज में सेवा और जागरूकता की अलख – संतोष साहू

 | 
सेवा ज्योति यात्रा जगाएगी समाज में सेवा और जागरूकता की अलख – संतोष साहू


रायगढ़, 06 अक्टूबर (हि.स.)।भाजपा शहर मण्डल महामंत्री संतोष साहू ने बताया कि प्रदेश के वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की अगवाई में 7 अक्टूबर बुधवार की सुबह 9 बजे रामलीला मैदान में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों,पदाधिकारियों, कार्यकर्त्ताओं और आमजनों को एकत्रित होना है। जहां प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से देश को सम्बोधित करेंगे और विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

संतोष साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा विभिन्न सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 7 अक्टूबर को रायगढ़ में निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रहित में किए कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा। भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को सफल बनाने की अपील की गई है।

संतोष साहू ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ इसी सेवा और सुशासन की भावना को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान