home page

प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा ज्योति यात्रा चारों विकासखंडों के लिए हुई रवाना

 | 
प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सेवा ज्योति यात्रा चारों विकासखंडों के लिए हुई रवाना


बीजापुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बीजापुर के मिनी स्टेडियम में बुधवार काे विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम का शुभारंभ अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रूपसिंह मंडावी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और अकादमी के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। वहीं क्षेत्र की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समाज प्रमुखों, गायता, पेरमा एवं पुजारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘सेवा ज्योति यात्रा’ रही, बीजापुर जिले के चारों विकासखंडों के लिए सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया गया। इस अवसर पर आयोजित बाइक रैली एवं पैदल रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से जनसेवा, विकास, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि बीजापुर ने चार दशक से अधिक समय तक नक्सली हिंसा का दंश झेला है। लंबे समय तक हिंसा के कारण क्षेत्र के गरीब और आदिवासी समुदाय को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा तथा विकास की गति भी प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के अदम्य साहस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के दृढ़ संकल्प और प्रयासों से बीजापुर आज नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता की ओर बढ़ा है। बदलते वातावरण के साथ दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजापुर की धरती से महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना का शुभारंभ कर देश को स्वास्थ्य सुरक्षा की बड़ी सौगात दी थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन देश के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कें, पुल-पुलिया तथा इंद्रावती नदी पर तिमेड़ और पुंडरी जैसे महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण से आवागमन की सुविधाओं में व्यापक विस्तार हुआ है। इंद्रावती नदी पर पुलों के निर्माण से वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी कठिनाइयों को दूर करने में मदद मिली है और दूरस्थ क्षेत्रों का संपर्क मुख्यालय एवं बाजारों से बेहतर हुआ है।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, बिजली, पेयजल और प्रधानमंत्री आवास सहित अनेक सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नागरिकों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक माह कम से कम दो दिन स्वच्छता अभियान में योगदान दें और अपने गांव, वार्ड एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएं।

कार्यक्रम को जिला प्रभारी दीपेश अरोरा और भाजपा जिला अध्यक्ष घासीराम नाग ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा की यात्रा का उल्लेख करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, महामंत्री फूलचंद गागड़ा, संजय लुक्कड़, जिला उपाध्यक्ष गोपाल सिंह पवार, सतेंद्र ठाकुर, दयाशंकर पटेल, राजू कलमू, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुलैया, नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, नगर पालिका उपाध्यक्ष भुवन सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, मतियास कुजूर, सामंतीन कोरसा, प्रीति अर्की, कविता कोरम, वरिष्ठ भाजपा नेता लव कुमार रायडू, मीडिया प्रभारी एवं एसटी मोर्चा प्रभारी प्रताप यादव, उसूर मंडल अध्यक्ष अशोक राव, तीरथ जुमार, नरसिंह रेड्डी, चिन्नाराम तेलम एवं लालू पोडियम सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे