समाधान योजना शिविर में उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। विद्युत उपभोक्ताओं को बकाया बिलों में राहत देने के उद्देश्य से बुधवार को कुरुद संभाग अंतर्गत कुरुद में समाधान योजना शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभागीय अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के मुख्य अभियंता संजीव सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित विभागीय अमला भी मौजूद रहा।
शिविर में मुख्य अभियंता ने उपभोक्ताओं को समाधान योजना के तहत मिलने वाली राहत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत बकाया राशि के मूलधन एवं अधिभार में विशेष छूट प्रदान की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिल सके। शिविर में कुल 33 उपभोक्ता उपस्थित रहे, जिनमें से 10 उपभोक्ताओं को 1 लाख 21 हजार 920 रुपए की बकाया राशि के विरुद्ध 82 हजार 950 रुपए तक की राहत मिलने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर लाभान्वित उपभोक्ताओं को मुख्य अभियंता द्वारा सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से समाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

