प्रयास आवासीय विद्यालय कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु चतुर्थ चयन सूची जारी
जगदलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश की राह देख रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। आदिवासी विकास विभाग द्वारा चतुर्थ ओपन काउंसलिंग में प्राप्त आवेदनों के आधार पर तैयार की गई मेरिटवार चयन सूची आधिकारिक वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर जारी कर दी गई है। सूची में स्थान पाने वाले सभी चयनित छात्र-छात्राओं के लिए 30 अक्टूबर 2026 तक संबंधित आबंटित विद्यालय में उपस्थित होकर प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है।
प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों को अपने साथ आवश्यक मूल अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे। इसके तहत कक्षा 8वीं में न्यूनतम प्रथम श्रेणी यानी 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होने की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र और लागू होने की स्थिति में विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र अथवा पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी माओवाद पीड़ित प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा।
पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश मिलने के दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रदत्त सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य रहेगा। प्रशासन द्वारा कहा गया है कि एक बार विद्यालय आबंटित होने के बाद किसी भी स्थिति में संस्था परिवर्तन मान्य नहीं किया जाएगा। प्रवेश से संबंधित अन्य किसी भी जानकारी के लिए अभिभावक विभागीय पोर्टल पर विजिट कर सकते हैं अथवा कार्यालयीन दूरभाष नंबर 07782-222520 पर संपर्क कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

