home page

लोगों को परेशान होता देख महिलाओं ने संभाली सड़क की कमान

 | 
लोगों को परेशान होता देख महिलाओं ने संभाली सड़क की कमान


लोगों को परेशान होता देख महिलाओं ने संभाली सड़क की कमान


धमतरी, 08 सितंबर (हि.स.)। सड़क पर बिखरी बजरी-गिट्टी, जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उनमें फंसते वाहन को देखते हुए राहगीरों की इस परेशानी को देखकर खेत में काम कर लौट रही दिहाड़ी मजदूर महिलाओं ने मंगलवार को मिसाल पेश की। प्रशासन की राह देखने के बजाय महिलाओं ने खुद सड़क की कमान संभाली और करीब एक घंटे तक श्रमदान कर सड़क पर फैली बजरी-गिट्टी को समतल किया। महिलाओं की इस पहल से फिलहाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही कुछ हद तक सुगम हो गई है। आसपास से गुजरने वाले लोगों ने महिलाओं के इस नेक कार्य की जमकर सराहना की।

मामला ग्राम कोलियारी से कानीडबरी-खरेगा मार्ग का है। ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क लंबे समय से बदहाल है। मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और निर्माण कार्य भी बेहद धीमी गति से चल रहा है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है। कोलियारी से कानीडबरी और दर्री-खरेगा के बीच कई स्थानों पर राहगीरों को बेहद संभलकर आवागमन करना पड़ रहा है। कई बार वाहन गड्ढों में फंसने के कारण जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है।

मंगलवार को खेत में काम करने के बाद लौट रही महिलाओं ने देखा कि सड़क पर फैली बजरी-गिट्टी और गहरे गड्ढों के कारण कई वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। इसे देखकर महिलाओं ने बिना किसी से कहे खुद श्रमदान शुरू कर दिया। उन्होंने सड़क पर दूर-दूर तक फैली गिट्टी और बजरी को एकत्र कर समतल किया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद सड़क का वह हिस्सा कुछ हद तक चलने लायक हो गया।

सड़क को समतल करने वाली मजदूर महिलाओं कनोरिया बाई, अमेरिका बाई, सुनीता, ममता, केसरी, छबीली, उषा, राजकुमारी, पुष्पा, मोतीन, भारती, रेखा, भुनेश्वरी, आशा, गायत्री, हेमा बाई सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा लोगों की पहली जरूरत है। लंबे समय से सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई बार विरोध प्रदर्शन कर सड़क मरम्मत की मांग भी की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। महिलाओं ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और मार्ग की जल्द मरम्मत कराने की मांग की, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा