घने कोहरे में भी सुरक्षित होगा रेल सफर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 3657 फॉग सेफ डिवाइस किए उपलब्ध
बिलासपुर/रायपुर 20 नवंबर (हि.स.)। सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के कारण रेल परिचालन में आने वाली चुनौतियों से निपटने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। इसके तहत रेलवे के तीनों मंडलों में कुल 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। जीपीएस आधारित ये आधुनिक उपकरण कोहरे के दौरान लोको पायलटों को सिग्नल, रेलवे स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग गेट और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सटीक जानकारी देने में मदद करेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से होकर गुजरता है। विशेष रूप से खोंगसरा एवं भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में सर्दियों के दौरान घना कोहरा ट्रेन परिचालन के लिए चुनौती बनता है। ऐसी परिस्थितियों में फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलटों को रेल मार्ग की पूर्व जानकारी उपलब्ध कराकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से प्राप्त जानकारी के मुताबिक फॉग सेफ डिवाइस एक जीपीएस आधारित नेविगेशन उपकरण है, जिसमें संबंधित रेल मार्ग की जानकारी पहले से दर्ज रहती है। इसमें लगे एंटीना के माध्यम से जीपीएस सिग्नल प्राप्त होते हैं। उपकरण की मेमोरी में रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित एवं अमानवित समपार फाटक और न्यूट्रल सेक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का विवरण उपलब्ध रहता है।
यह उपकरण स्क्रीन पर जानकारी प्रदर्शित करने के साथ ऑडियो अलर्ट भी देता है। इसके माध्यम से मार्ग में आगे आने वाले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी लगभग 500 मीटर पहले तक मिल सकती है। इससे लोको पायलट समय रहते सतर्क हो सकते हैं और निर्धारित परिचालन नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई कर सकते हैं।
कम दृश्यता में बनेगा मददगार
सामान्य परिस्थितियों में लोको पायलट सिग्नल देखकर ट्रेन का परिचालन करते हैं, लेकिन घने कोहरे में दृश्यता कम होने से सिग्नल समय पर देख पाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में फॉग सेफ डिवाइस से मिलने वाली पूर्व सूचना परिचालन को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में सहायक होती है।
इलेक्ट्रिक और डीजल दोनों इंजनों में उपयोगी
यह उपकरण सिंगल लाइन, डबल लाइन, विद्युतीकृत और गैर-विद्युतीकृत सभी प्रकार के रेलखंडों के लिए उपयुक्त है। इसका उपयोग इलेक्ट्रिक एवं डीजल इंजनों के अलावा ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी किया जा सकता है। इसमें 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप उपलब्ध है। आकार में छोटा, हल्का और पोर्टेबल होने के कारण लोको पायलट इसे आसानी से इंजन के कैब डेस्क पर रखकर उपयोग कर सकते हैं।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह पहल कोहरे के मौसम में ट्रेन परिचालन को अधिक संरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक और बेहतर परिचालन व्यवस्थाओं के माध्यम से सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

