home page

एसडीएम कार्यालय के बाबू 10 हजार रुपये का रिश्वत लेते गिरफ्तार

 | 
एसडीएम कार्यालय के बाबू 10 हजार रुपये का रिश्वत लेते गिरफ्तार


धमतरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। जमीन डायवर्सन कराने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग करने वाले एसडीएम कार्यालय कुरूद के बाबू को एंटी करप्शन ब्यूरो ने साेमवार काे 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्यालय में हुई इस कार्रवाई से विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई।

एसडीएम कार्यालय कुरूद के भू-अर्जन एवं डायवर्सन शाखा में सहायक ग्रेड-तीन पुनेश्वर सूर्यवंशी पदस्थ है, जो नगर पालिका कुरूद के संजय नगर शिक्षक कालोनी वार्ड क्रमांक 15 निवासी प्रकाश चंद्राकर 56 वर्ष पुत्र ढालसिंह चंद्राकर से उनके कन्हारपुरी स्थित करीब 1200 स्क्वेयर फीट जमीन के डायवर्सन कराने के लिए उनसे 20 हजार रुपये की मांग की थी। इससे नाराज प्रकाश चंद्राकर ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में की थी। शिकायत के सत्यापन और योजना के तहत पांच अक्टूबर को दोपहर में एसीबी के अधिकारी डीएसपी राजेश चौधरी की टीम पहले से एसडीएम कार्यालय में पहुंच गए थे।

याेजना के तहत शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर भू-अर्जन एवं डायवर्सन शाखा के सहायक ग्रेड-तीन पुनेश्वर सूर्यवंशी को उनके मांग के अनुसार पहले किश्त में 10 हजार रुपये की रिश्वत दिए। जैसे ही बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने उनसे 10 हजार रुपये हाथ में लिया, तो पहले से तैनात एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारी-कर्मचारियों ने उन्हें रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कक्ष के अंदर ही उनसे पूछताछ शुरू हो गई। साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों ने उनके कई दस्तावेज जब्त कर लिया है। कार्यालय में हुई एसीबी की कार्रवाई की खबर फैल गई, तो यहां पदस्थ अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा