कोरबा में ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
कोरबा, 09 मार्च (हि. स.)। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अग्रसेन चौक के ऊपर खड़ी एक स्कॉर्पियो वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहन पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया। घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरब्रिज से गुजर रहे लोगों ने अचानक स्कॉर्पियो से धुआं उठते देखा। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग लगने की घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कई लोग सुरक्षा के लिहाज से वाहन से दूर हट गए।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की और यातायात को नियंत्रित करने की कोशिश की।
वहीं आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को भी सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर रवाना हुई। आग की लपटें काफी तेज होने के कारण वाहन को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

