शाला प्रवेशोत्सव में मंत्री लखनलाल देवांगन बोले- मन लगाकर पढ़ें और जिले का नाम करें रोशन
कोरबा, 28 जुलाई (हि. स.)।कोरबा जिले के पीएम श्री सेजस, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालको में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में मंगलवार को उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम विभाग के मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कर आत्मीय स्वागत किया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता हासिल करने की सबसे बड़ी कुंजी है। विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करना चाहिए।
मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया से समाधान किया गया है। वहीं सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। कोरबा जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से नए विद्यालय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है और शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है, जिससे बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों के साथ न्योता भोजन में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पार्षद सत्येंद्र दुबे, एल्डरमैन श्रीमती मंदाकिनी त्रिपाठी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जे.एन. दुबे, प्राचार्य नीलकंठ राठौर, प्रफुल्ल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

