स्कूल शिक्षा मंत्री ने किलेपाल-बास्तानार के आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा
बीजापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। स्कूल शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज बुधवार काे अपने बस्तर संभाग के प्रवास में बीजापुर पहुंचकर जिले में संचालित आवासीय विद्यालयों की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान मंत्री बस्तर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा में संचालित विद्यालयों की फील्ड विजिट कर जमीनी वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे।
मंत्री यादव ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, किलेपाल नं.-3, बास्तानार पहुंचकर शिक्षकों के साथ बैठक की और विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं की समीक्षा शिक्षा मंत्र गजेन्द्र यादव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बस्तर संभाग के नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। यादव ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या में कमी के कारणों की जानकारी लेते हुए स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पोर्टा केबिन में संचालित नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालयों के भवन निर्माण की प्रगति, विद्यार्थियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था तथा रख-रखाव की स्थिति की भी जानकारी ली। यादव ने पोर्टा केबिन विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा बजट आबंटन एवं व्यय की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री यादव ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की संख्या एवं ड्रॉपआउट की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की। यादव ने छात्राओं के विद्यालय छोड़ने के कारणों की जानकारी लेते हुए उन्हें नियमित रूप से शिक्षा से जोड़े रखने के लिए आवश्यक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों की स्थिति, छात्राओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं खेल गतिविधियों तथा आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक व्यवस्थाओं को महिला कर्मियों के माध्यम से संचालित किए जाने की स्थिति की जानकारी ली। नक्सल उन्मूलन के बाद बंद विद्यालयों को पुनः शुरू करने पर चर्चा शिक्षा मंत्री यादव ने नक्सल उन्मूलन के पश्चात् बंद हुए विद्यालयों को पुनः प्रारंभ करने तथा आवश्यकता के अनुसार नवीन विद्यालय खोले जाने के प्रस्तावों पर भी अधिकारियों से चर्चा की। यादव ने संबंधित क्षेत्रों में विद्यालयों की आवश्यकता, विद्यार्थियों की संख्या और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी लेते हुए प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा की।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्रयादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री यादव ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवास, भोजन, स्वास्थ्य, खेलकूद और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा की बेहतर स्थिति का लाभ बच्चों की शिक्षा तक पहुंचाने के लिए विद्यालयीन व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्हाेने कहा कि बस्तर संभाग के सभी आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और खेलकूद के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

