home page

सावन में गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष, बालकोनगर श्री राम मंदिर में 38 परिवारों ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक

 | 
सावन में गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष, बालकोनगर श्री राम मंदिर में 38 परिवारों ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक


कोरबा, 03 अगस्त (हि. स.)। सावन मास की पावन बेला में श्री राम मंदिर, बालकोनगर में सोमवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक रुद्राभिषेक पूजन में 38 परिवारों के श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की।

पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

यह धार्मिक आयोजन 2 अगस्त 2026 को बालको सेवा समाज के तत्वावधान में आयोजित किया गया। पूजन का संचालन विद्वान आचार्य पंडित संजय दुबे के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दुग्ध, पंचामृत, बेलपत्र, धतूरा एवं अन्य पूजन सामग्री से रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।

पूरे अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा। वैदिक मंत्रों की गूंज और शिव आराधना के बीच श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए। आयोजन के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आरती में भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

बालको सेवा समाज के पदाधिकारियों ने इस सफल आयोजन में शामिल सभी 38 परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोग करने वाले वरिष्ठ सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज ने कहा कि सामूहिक रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, पारिवारिक एकता और धार्मिक संस्कारों को मजबूत करना है।

समाज ने यह भी जानकारी दी कि सावन मास के दौरान श्री राम मंदिर, बालकोनगर में सामूहिक रुद्राभिषेक का क्रम आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए 9 अगस्त, 16 अगस्त और 23 अगस्त 2026 को भी विशेष पूजन का आयोजन किया जाएगा। इन तिथियों के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुका है और श्रद्धालुओं से समय रहते अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई है।

बालको सेवा समाज ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने तथा इस जानकारी को अपने मित्रों और परिजनों तक पहुंचाने का आग्रह किया है, ताकि सावन मास में अधिकाधिक लोग भगवान भोलेनाथ की आराधना का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी