home page

राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने के फैसले से कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी

 | 
राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने के फैसले से कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी


रायपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी ने आज अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि ‘जिसे समझा ‘थिंक टैंक’, वो निकला ‘सैप्टिक टैंक’! राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने के फैसले से आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। कार्यकर्ताओं ने उनके गृह ग्राम बटहा (मुंगेली) पहुंचकर घर की दीवारों पर ‘गद्दार’ लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया।’

छत्तीसगढ़ में संदीप पाठक के भाजपा में जाने से विवाद और गहरा हो गया है, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। हाल ही में 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव और छत्तीसगढ़ निवासी राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली है। उनके साथ राघव चड्ढा और अशोक मित्तल जैसे अन्य राज्यसभा सांसदों ने भी भाजपा का दामन थामा है । 27 अप्रैल को राज्यसभा सभापति ने आम आदमी पार्टी के 7 सदस्यों के भाजपा में विलय को आधिकारिक मंजूरी दी।

उन्हें आम आदमी पार्टी का चुनावी 'थिंक टैंक' माना जाता था, क्योंकि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे उनकी रणनीति का बड़ा हाथ माना जाता है ।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा