home page

लघु वनोपज सहकारी समिति गीदम का तेंदूपत्ता सबसे ऊंची दर 10 हजार 909 में हुआ विक्रय

 | 
लघु वनोपज सहकारी समिति गीदम का तेंदूपत्ता सबसे ऊंची दर 10 हजार 909 में हुआ विक्रय


दंतेवाड़ा, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति गीदम के इतिहास में राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा आयोजित ऑनलाइन निविदा में समिति को अपने तेंदूपत्ता के लिए अभूतपूर्व दर प्राप्त हुई है।समिति के तेंदूपत्ता की बिक्री 10 हजार 609 रुपये तथा 10 हजार 909 रुपये प्रति मानक बोरा की रिकॉर्ड दर पर हुई है।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि 1988 में समिति की स्थापना के बाद से पिछले 38 वर्षों में यह अब तक की सबसे ऊंची विक्रय दर है। यदि पिछले वर्ष की तुलना करें, तो समिति का तेंदूपत्ता 7 हजार 689 रुपये प्रति मानक बोरा बिका था। इस बड़ी छलांग के साथ गीदम समिति अब प्रदेश की सर्वाधिक दर प्राप्त करने वाली समितियों की सूची में शीर्ष पर शामिल हो गई है।

दंतेवाड़ा वनमंडलाधिकारी रंगनाथ रामकृष्ण वाई ने रविवार काे बताया कि इस रिकॉर्ड तोड़ बिक्री का सीधा फायदा क्षेत्र के लगभग चार हजार तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को मिलेगा। उन्हें बोनस के रूप में अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी, जो न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगी बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाएगी। वन मंडलाधिकारी ने संग्राहकों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में बोनस के रूप में हस्तांतरित की जाएगी।

प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति गीदम ने इस सफलता का श्रेय मुख्य वन संरक्षक, वन मंडलाधिकारी दंतेवाड़ा, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और फड़ मुंशियों के सामूहिक प्रयासों को दिया है। वन विभाग द्वारा अपनाई गई पारदर्शी ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) प्रणाली ने इस पूरी व्यवस्था को सुरक्षित और समयबद्ध बना दिया है। अधिकारियों ने संकल्प लिया है कि भविष्य में भी इसी तरह की गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली के माध्यम से संग्राहकों के हितों की रक्षा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे