गंगरेल बांध व्यू प्वाइंट पर सुरक्षा की दरकार, बना रहता है खतरा
धमतरी, 26 सितंबर (हि.स.)। गंगरेल बांध के गेट से पिछले दो दिनों से पानी की निकासी जारी है। पानी के मनोरम दृश्य को देखने धमतरी शहर के साथ अन्य जिलों से भी लोग पहुंच रहे हैं। बांध से छोड़े जा रहे पानी का नजारा देखने के लिए प्रशासन ने व्यू प्वाइंट बनाया है, लेकिन यहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
व्यू प्वाइंट के पास न तो कोई सूचना बोर्ड लगा है और न ही प्रशासन का कर्मचारी तैनात है, जो लोगों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दे सके। बांध के गेट के समीप करीब 400 मीटर लंबी रेलिंग भी बनाई गई है, जहां लोग खड़े होकर पानी के बहाव का नजारा देखते हैं। वर्तमान में यह रेलिंग कई जगह से क्षतिग्रस्त है और अब तक इसकी मरम्मत नहीं हो पाई है। ऐसे में लोगों के फिसलकर नीचे गिरने का खतरा बना हुआ है। लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों से सीधे व्यू प्वाइंट तक पहुंच रहे हैं। वाहन को आगे-पीछे करते समय असावधानी होने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बांध का नजारा देखने पहुंचे लाेगाें ने कहा कि प्रशासन को यहां सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो। एक साथ कई लोगों के रेलिंग से टिकने पर उस पर अतिरिक्त भार पड़ता है। रेलिंग और पानी के तेज बहाव के बीच दूरी भी अधिक नहीं है, इसलिए सुरक्षा के लिए डबल रेलिंग लगाई जानी चाहिए, जिससे लोग सीधे पानी की ओर नीचे न झांक सकें। लाेगाें का कहना है कि गेट से पानी छोड़े जाने के दौरान कम से कम व्यू प्वाइंट पर प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की तैनाती होनी चाहिए। पिछले दो दिनों से शहर के अलावा अन्य जिलों से भी सैलानी यहां पहुंच रहे हैं और फोटो व सेल्फी लेने के लिए कई बार रेलिंग पर चढ़ जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है। भारी बारिश के बाद जिले के गंगरेल, माड़मसिल्ली, सोंढूर और दुधावा सहित चारों प्रमुख जलाशयों में पर्याप्त पानी है और जलाशयों से पानी छोड़े जाने का नजारा देखने लोग पहुंच रहे हैं।
इस संबंध में धमतरी एसडीएम पीयूष तिवारी ने कहा कि गंगरेल बांध सहित अन्य बांध स्थलों पर सुरक्षा के उपाय किए गए हैं। गंगरेल बांध के व्यू प्वाइंट पर भी सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

