home page

निराश्रित पशुओं के लिए परपा में खुलेगा सुरक्षित आशियाना

 | 
निराश्रित पशुओं के लिए परपा में खुलेगा सुरक्षित आशियाना


200 निराश्रित पशुओं के लिए परपा में खुलेगा सुरक्षित आशियाना

जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग द्वारा जगदलपुर शहरी विकासखंड के अंतर्गत परपा में नवीन गौधाम का पंजीयन किया गया है, जिसके संचालन की जिम्मेदारी नगर पालिक निगम जगदलपुर को सौंपी गई है।

छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग रायपुर के पंजीयक द्वारा कलेक्टर को प्रेषित पत्र के माध्यम से इस नव-पंजीकृत गौधाम में तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। आयोग के निर्देशानुसार अब स्थानीय नगरीय निकाय, ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों के माध्यम से गौधाम में उपलब्ध बुनियादी संसाधनों जैसे शेड, पेयजल, बिजली और सुरक्षित फैंसिंग का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। संसाधनों के सत्यापन के पश्चात गौधाम की क्षमता के अनुरूप अधिकतम 200 निराश्रित एवं घुमंतू पशुधन को यहां सुरक्षित रूप से व्यवस्थित किया जाएगा।

इसके साथ ही गौधाम के सुचारू संचालन और नियमित निगरानी के लिए पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के संयुक्त अथवा उप संचालक को प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर आयोग को सूचित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस पहल से जगदलपुर शहरी क्षेत्र की सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को न केवल एक सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में भी बड़ी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे