home page

सुकमा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर गादीरास चौक से आयोजित हुई ‘एकता दौड़’

 | 
सुकमा में राष्ट्रीय एकता दिवस पर गादीरास चौक से आयोजित हुई ‘एकता दौड़’


सुकमा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की तथा मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में आज 31 अक्टूबर को सुकमा पुलिस एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ‘एकता दौड़’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गादीरास चौक, सुकमा से हुआ। एकता दौड़ गादीरास चौक से प्रारंभ होकर मिनी स्टेडियम, सुकमा में संपन्न हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

एकता दौड़ के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की सुरक्षा एवं मजबूती के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। सुकमा पुलिस द्वारा इस आयोजन के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय एकता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष कुंवर उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य दीपिका शोरी, धनीराम बारसे की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सुकमा पुलिस के अधिकारी एवं जवान, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और एकता दौड़ में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे