राष्ट्रीय एकता दिवस पर जांजगीर में निकली एकता दौड़, दिया एकजुटता का संदेश
जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर (हि. स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत जांजगीर जिला मुख्यालय में एकता दौड़ का आयोजन किया गया। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले सहित जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकता दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
सुबह 7 बजे नेताजी चौक से एकता दौड़ का शुभारंभ हुआ। इसमें शामिल प्रतिभागी कचहरी चौक होते हुए मुख्य मार्ग से हाईस्कूल मैदान के सामने स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल गार्डन पहुंचे। यहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य नागरिकों में देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपसी सद्भाव को मजबूत करना है।
एकता दौड़ में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, जेल अधीक्षक डीडी टोंडर, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी और कोतवाली थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

