home page

वाड्रफनगर की 95 ग्राम पंचायतों में एक साथ मनाया गया रोजगार और आवास दिवस

 | 
वाड्रफनगर की 95 ग्राम पंचायतों में एक साथ मनाया गया रोजगार और आवास दिवस


लंबित आवास प्रकरणों के निराकरण के साथ स्वीकृत मकानों को जल्द पूरा कराने पर जोर, रोजगार के नए कार्य शुरू करने की बनाई कार्ययोजना

बलरामपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर जनपद पंचायत की सभी 95 ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। आज सोमवार को आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और वीबी-जी राम-जी से जुड़े लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की गई।

आवास दिवस के दौरान स्वीकृत आवासों को जल्द पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। हितग्राहियों को निर्माण कार्य के अनुसार समय पर किस्त का भुगतान, बाकी बचे आवासों की जियो-टैगिंग पूरी करने और वर्षा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

रोजगार दिवस के दौरान वीबी-जी राम-जी के तहत ग्रामीणों की मांग के आधार पर नए रोजगारमूलक कार्य शुरू करने पर चर्चा हुई। प्राथमिकता वाले कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीणों को समय पर रोजगार मिल सके और गांवों में जरूरी विकास कार्य भी आगे बढ़ें।

बालिका शौचालय और आजीविका गतिविधियों पर चर्चा

कार्यक्रम में ‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने और अधिक लोगों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विचार-विमर्श किया गया।

क्यूआर कोड आधारित नवाचार को एक वर्ष पूरा

योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए शुरू किए गए क्यूआर कोड आधारित स्वप्रगटीकरण नवाचार को एक वर्ष पूरा होने पर संबंधित टीमों को बधाई दी गई। अधिकारियों ने इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।

गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ जनभागीदारी पर जोर

आयोजन के दौरान विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने की बात कही गई। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्य शुरू होने से लेकर उसके पूरा होने तक जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बनाए रखने की बात कही गई, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय