home page

‘हमर पहुना’ में रोहिताश्व गौड़ ने साझा किए ‘भाभी जी घर पर हैं’ के अनुभव

 | 
‘हमर पहुना’ में रोहिताश्व गौड़ ने साझा किए ‘भाभी जी घर पर हैं’ के अनुभव


जेन-जेड के अधिकारों का समर्थन, अभद्र भाषा पर जताई आपत्ति; वेब सीरीज में सेंसरशिप की जरूरत बताई

रायपुर, 9 अगस्त (हि.स.)। लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘भाभी जी घर पर हैं’ में मनमोहन तिवारी का चर्चित किरदार निभाने वाले अभिनेता रोहिताश्व गौड़ रविवार को रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में शामिल हुए। पत्रकारों से आत्मीय संवाद के दौरान उन्होंने अपने अभिनय सफर, मनमोहन तिवारी के किरदार से जुड़ी यादों, धारावाहिक की लोकप्रियता और बदलते मनोरंजन माध्यमों पर खुलकर विचार साझा किए।

रोहिताश्व गौड़ सातवें निर्मल पांडेय स्मृति फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने रायपुर पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के ‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में पत्रकारों से रूबरू होकर अपने अनुभव साझा किए।

सरल और पारिवारिक कॉमेडी बनी लोकप्रियता की वजह-

‘भाभी जी घर पर हैं’ में मनमोहन तिवारी के किरदार के चयन से जुड़ी कहानी बताते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि यह भूमिका उनके अभिनय सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई है। उन्होंने धारावाहिक की लगातार वर्षों से बनी लोकप्रियता का श्रेय इसकी सरल, सहज और पारिवारिक कॉमेडी को दिया।

उन्होंने कहा कि धारावाहिक की कहानी गली-मोहल्ले के आम जीवन और रोजमर्रा की परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती है। यही वजह है कि दर्शक इसके किरदारों और घटनाओं से आसानी से खुद को जोड़ पाते हैं।

अनीता और अंगूरी के किरदारों में बदलाव का भी असर

अभिनेता ने धारावाहिक में अनीता भाभी और अंगूरी भाभी के किरदार निभाने वाली अभिनेत्रियों में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि, लंबे समय तक किसी किरदार को निभाने वाली अभिनेत्री के बदलने से दर्शकों का उस किरदार के साथ बना भावनात्मक जुड़ाव प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि, कलाकार बदलने पर दर्शकों का किरदार से संपर्क कुछ हद तक टूटता है और इसका असर धारावाहिक की लोकप्रियता पर भी पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि कलाकारों में बदलाव के बावजूद धारावाहिक की विषय-वस्तु और मूल किरदारों के प्रति दर्शकों का जुड़ाव अब भी कायम है।

Gen-Z के प्रदर्शन को बताया अधिकार

वर्तमान समय में अपनी मांगों को लेकर Gen-Z द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि अपनी मांगों और अधिकारों के लिए आवाज उठाना युवाओं का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि, पिछली पीढ़ियों में भाषा और सामाजिक मर्यादा को लेकर विशेष ध्यान दिया जाता था। युवाओं को अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए, लेकिन इसके साथ भाषा की गरिमा और सामाजिक संस्कारों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

वेब सीरीज में सेंसरशिप के पक्ष में-

वेब सीरीज को सिनेमा और टेलीविजन के बाद मनोरंजन का प्रभावशाली माध्यम बताते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि इस माध्यम ने दर्शकों को मनोरंजन के नए विकल्प उपलब्ध कराए हैं। हालांकि, उन्होंने वेब सीरीज में इस्तेमाल होने वाली आपत्तिजनक भाषा पर चिंता जताते हुए भाषा पर नियंत्रण और आवश्यक सेंसरशिप की जरूरत का समर्थन किया।

आसिफ शेख से दोस्ती और धारावाहिक की यादें कीं साझा-

‘भाभी जी घर पर हैं’ के लंबे सफर को याद करते हुए रोहिताश्व गौड़ ने कहा कि इस धारावाहिक ने उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार देने के साथ-साथ कई अच्छे रिश्ते भी दिए। उन्होंने धारावाहिक में विभूति नारायण का किरदार निभाने वाले अभिनेता आसिफ शेख को अपना करीबी मित्र बताते हुए उनके साथ जुड़ी कई आत्मीय यादें भी साझा कीं।

कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ की पत्नी रेखा गौड़ भी मौजूद रहीं। रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा सहित अन्य पत्रकारगण मौजूद रहे।

‘हमर पहुना’ कार्यक्रम में रोहिताश्व गौड़ ने पत्रकारों के सवालों का सहज और रोचक अंदाज में जवाब दिया। सिनेमा, टेलीविजन, अभिनय और बदलते मनोरंजन माध्यमों को लेकर हुए संवाद ने कार्यक्रम को आत्मीय और सार्थक बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर