home page

रायपुर : सड़क सुरक्षा पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह माह में 2,352 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

 | 
रायपुर : सड़क सुरक्षा पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह माह में 2,352 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित


रायपुर, 25 जुलाई (हि. स.)। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस रायपुर ने वर्ष 2026 के पहले छह माह में यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।

अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने, ओवर स्पीड और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे गंभीर मामलों में कुल 2,352 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए।

यातायात पुलिस के अनुसार, सबसे अधिक कार्रवाई शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। इस दौरान 2,164 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए। वहीं, 167 चालकों पर ओवर स्पीड और 21 चालकों पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने के कारण लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की गई।

विशेष बात यह है कि वर्ष 2026 के केवल पहले छह माह में ही की गई यह कार्रवाई, वर्ष 2025 के पूरे वर्ष में हुए 2,065 लाइसेंस निलंबन के आंकड़े से 287 अधिक है। इससे स्पष्ट है कि यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा के प्रति सख्त रुख अपनाए हुए है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि, वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन संचालन के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वयं, अपने परिवार और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

यातायात पुलिस रायपुर ने स्पष्ट किया है कि, सड़क सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह लगातार और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर