home page

तेतला पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

 | 
तेतला पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत


रायगढ़ , 08 सितंबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रायगढ़-चंद्रपुर मार्ग पर तेतला पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक सड़क पर जा गिरा और उसका सिर वाहन के पहिए की चपेट में आ गया। घटना के बाद भारी वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे युवक बाइक से रायगढ़ से चंद्रपुर मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेतला पेट्रोल पंप के समीप पीछे या सामने से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।सामने आई जानकारी के मुताबिक हादसे के दौरान युवक का सिर भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुसौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की मदद से दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान