जांजगीर-चांपा में ‘सुशासन तिहार 2026’ की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 2 मई (हि. स.)। जिले में आयोजित हो रहे ‘सुशासन तिहार 2026’ को प्रभावी और सफल बनाने के लिए आज शनिवार को वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की अहम बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जनसमस्या निवारण शिविरों के संचालन, प्राप्त आवेदनों के निराकरण, विभागीय समन्वय और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि, सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध निराकरण किया जाए। विभागवार वर्गीकरण कर आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जहां संभव हो, समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर देते हुए उन्होंने त्रुटि सुधार, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि, विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव और हर जरूरतमंद तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कृषि विभाग को भी निर्देशित किया कि किसानों को उन्नत और लाभकारी फसलों के लिए प्रेरित करें तथा योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाकर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में सुशासन तिहार के तहत की जा रही तैयारियों, आयोजित शिविरों, प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। प्रशासन ने दावा किया कि अभियान के तहत आम जनता को त्वरित राहत देने और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

