जांजगीर-चांपा में विकास कार्यों की समीक्षा: पीएम आवास के अधूरे निर्माण जल्द पूरे करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने बुधवार को जनपद पंचायत पामगढ़ के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत जी राम जी योजना, स्वच्छ भारत मिशन और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत, निर्माणाधीन और लंबित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को सभी अधूरे विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्माणाधीन मकानों की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों के आवास निर्माण अधूरे हैं, उनसे संपर्क कर निर्माण पूरा कराने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। पंचायत सचिवों और मैदानी कर्मचारियों को प्रत्येक आवास की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्माण में देरी के कारणों का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ पोयाम ने विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा करते हुए तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वीकृत कार्य अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने चाहिए। प्रत्येक निर्माण कार्य की नियमित निगरानी, गुणवत्ता की जांच और अभिलेखों का सही संधारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को पंचायतवार विकास कार्यों की प्रगति पर नजर रखने और धीमी गति से चल रहे कार्यों की पहचान कर उन्हें शीघ्र पूरा कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों का समय पर भौतिक सत्यापन करने और कार्यस्थल की वास्तविक स्थिति के अनुसार जानकारी दर्ज करने को कहा।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों और निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीईओ ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाना अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित मैदानी निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग और समय-सीमा का पालन जरूरी है।
बैठक में जिला पंचायत उप संचालक बरनसिंह मंडावी, आवास योजना की डीसी श्रेया सिंह, विकसित भारत जी राम जी प्रभारी एपीओ गौरव शुक्ला, जनपद पंचायत पामगढ़ सीईओ मणिशंकर कौशिक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

