home page

ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने करें सकारात्मक प्रयास : कमिश्नर

 | 
ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने करें सकारात्मक प्रयास : कमिश्नर


जगदलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने मंगलवार काे स्कूल शिक्षा विभाग की संभागस्तरीय समीक्षा बैठक में ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने के लिए सकारात्मक एवं प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों को सलाह देने के साथ ही शाला प्रबंधन समिति का सहयोग लिया जाए, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

कमिश्नर ने स्कूल शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर कोष-लेखा एवं पेंशन कार्यालय से आवश्यक समन्वय स्थापित करने कहा, ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर उनके पेंशन संबंधी लाभ प्राप्त हो सकें।

कमिश्नर ने स्कूलों में बच्चों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए शाला प्रबंधन समिति एवं पालक-शिक्षक समिति की बैठकों में इस विषय पर चर्चा कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर देते हुए स्कूलों का सघन निरीक्षण करने तथा अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने निशुल्क पाठ्य पुस्तकों के वितरण के साथ ही लक्षित बच्चों को निशुल्क गणवेश एवं सरस्वती सायकल योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत इस माह के अंत तक शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाने और अध्ययनरत लक्षित बच्चों के जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रत्येक स्कूल में सर्वे कराने और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। पात्र सभी बच्चों को जाति एवं निवास प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाकर कार्यवाही की जाने और योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित किया जाने । स्कूलों में न्यौता भोज के आयोजन में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन्मदिवस अथवा अन्य विशेष अवसरों पर आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को स्कूलों में न्यौता भोज आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाने के निर्देश दिए।

बैठक में संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा एचआर सोम सहित सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक तथा बस्तर जिले के बीईओ एवं बीआरसी उपस्थित थे। वहीं संभाग के अन्य जिलों के बीईओ एवं बीआरसी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे