कोरबा: आरती, तिलक और माल्यार्पण से हुआ बुजुर्गों का सम्मान, प्रशांति वृद्धाश्रम में मना वृद्धजन दिवस
कोरबा, 01 अक्टूबर (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नवदृष्टि समाजसेवी संस्था द्वारा संचालित प्रशांति वृद्धाश्रम में आज गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत सभी 28 बुजुर्गों की आरती उतारकर तिलक लगाया गया और माल्यार्पण व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
हर वर्ष 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बुजुर्गों के सम्मान, उनकी देखभाल और समाज के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी भावना के साथ आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और अपनत्व का एहसास कराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षाविद् श्रीमती कल्पना मिश्रा थीं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद व्यक्ति को सफलता की ओर ले जाता है। उन्होंने प्रशांति वृद्धाश्रम में बुजुर्गों की निरंतर सेवा के लिए नवदृष्टि समाजसेवी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले 21 वर्षों से बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य कर रही है।
प्रशांति वृद्धाश्रम की शुरुआत जिला प्रशासन द्वारा समाज कल्याण विभाग की योजना के अंतर्गत करीब 23 वर्ष पूर्व की गई थी। आज यह आश्रम ऐसे बुजुर्गों के लिए सहारा बना हुआ है, जिन्हें जीवन के इस पड़ाव पर देखभाल, सम्मान और अपनत्व की जरूरत है। कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स ने भी सहभागिता निभाई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सेवा में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम का संचालन वीणा मिस्त्री ने किया। इस अवसर पर नवदृष्टि समाजसेवी संस्था के अध्यक्ष मोहम्मद सादिक शेख, केयरटेकर बीरू यादव, उर्वशी यादव, लता यादव, अंजू, विक्की यादव, सहित सुरेंद्र सोनी और शशिकला सोनी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

