home page

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे 119.89 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास

 | 

रायपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। नवा रायपुर अटल नगर में आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मुख्य अतिथि आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी 25 अगस्त को दोपहर 12.00 बजे नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित आवासीय परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव करेंगे।छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना से विभिन्न आय वर्ग के लोगों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त आवास उपलब्ध होंगे।

सेक्टर-12 फेस-2 में शेष 29.20 एकड़ भूमि पर एचआईजी एवं एमआईजी श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों का बेस विक्रय मूल्य 45.70 लाख रुपये से 85.17 लाख रुपये तक निर्धारित किया गया है। आवासों की बढ़ती मांग के कारण इस परियोजना को लेकर नागरिकों में विशेष रुचि देखी जा रही है।

सेक्टर-12 फेस-2 में आवासों की बढ़ती मांग को देखते हुए आगामी चरण में 704 नए फ्लैट का निर्माण भी शीघ्र किया जाएगा। इनमें 128 एचआईजी एवं एमआईजी एवं 256 एलआईजी श्रेणी के फ्लैट शामिल हैं। इन आवासों का बेस विक्रय मूल्य 16.76 लाख से 40.47 लाख रुपये तक प्रस्तावित है। इससे विभिन्न आय वर्ग के परिवारों को नवा रायपुर अटल नगर में आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा नवा रायपुर अटल नगर में योजनाबद्ध तरीके से आवासीय कॉलोनियों का विकास किया जा रहा है। मंडल ने वर्ष 2007 में सेक्टर-27 की 154 एकड़ भूमि पर अपनी प्रथम आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ किया था। यहां 2665 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट का निर्माण वर्ष 2014 में पूर्ण कर आबंटियों को सौंपा गया।

इसी क्रम में वर्ष 2011 में सेक्टर-29 की 145 एकड़ भूमि पर द्वितीय आवासीय कॉलोनी प्रारंभ की गई। यहां 3012 स्वतंत्र भवन एवं फ्लैट का निर्माण वर्ष 2015 में पूर्ण कर आबंटियों को प्रदान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा