home page

बलरामपुर : गिरिवानी व्यपवर्तन योजना की क्षतिग्रस्त नहर पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, सुधार कार्य शुरू

 | 
बलरामपुर : गिरिवानी व्यपवर्तन योजना की क्षतिग्रस्त नहर पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, सुधार कार्य शुरू


बलरामपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। आज मंगलवार को गिरिवानी व्यपवर्तन योजना की नहर क्षतिग्रस्त होने संबंधी प्रकाशित समाचार पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर जल संसाधन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जांच की, जिसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों में सुधारात्मक कार्य शुरू करा दिया गया।

जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जांच के दौरान नहर की सीसी लाइनिंग दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त पाई गई। इनमें आरडी 2700 और आरडी 2475 शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 30 जून को हुई भारी बारिश के दौरान आसपास के खेतों का पानी पर्याप्त निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण सीधे नहर में पहुंच गया, जिससे नहर पर अतिरिक्त दबाव बना और लाइनिंग क्षतिग्रस्त हो गई।

जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित स्थानों पर क्रॉस ड्रेनेज संरचना का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ था। वहीं, नहर के स्लोप और तटबंध में डाली गई मिट्टी का पर्याप्त सघनीकरण (कम्पेक्शन) नहीं होने के कारण वह पानी का दबाव नहीं झेल सकी। इससे आरडी 2700 पर करीब 11.50 मीटर और आरडी 2475 पर लगभग 5 मीटर लंबाई में नहर की लाइनिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

विभाग ने ड्राइंग के परीक्षण में पाया कि आरडी 2700 पर क्रॉस ड्रेनेज संरचना का प्रावधान था, लेकिन समय पर निर्माण नहीं होने से वर्षा का पानी तटबंध के ऊपर से बहकर सीधे नहर में प्रवेश कर गया और लाइनिंग को नुकसान पहुंचा।

स्थिति को देखते हुए विभाग ने निर्माण एजेंसी और मैदानी अमले को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान में गिरिवानी व्यपवर्तन योजना के तहत आरडी 2700 और आरडी 2475 पर कैनाल स्ट्रक्चर के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि इससे खेतों का अतिरिक्त पानी सीधे नहर में नहीं पहुंचेगा और भविष्य में इस तरह की समस्या की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय